संगठन को सशक्त बनाने भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल प्रशिक्षण महाअभियान14 मार्च से

घरघोड़ा व मुगडेगा मंडल से होगी शुरुआत
जिला प्रभारी,जिला अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेता रहेंगे अतिथि के तौर पर उपस्थित
2 अप्रैल तक चलेंगे प्रशिक्षण शिविर
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 14 मार्च से 2 अप्रैल तक जिले के विभिन्न मंडलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत मंडल स्तर पर लगभग 24 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मंडल के अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेकर संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रशिक्षण महाअभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री श्री विकास केडिया ने बताया कि इस प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ 14 मार्च को घरघोड़ा एवं मुगडेगा मंडल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घरघोड़ा एवं मुगडेगा मंडल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में अतिथि के रूप में जिला प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य गुरूपाल सिंह भल्ला उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विषयों पर जिले के प्रमुख पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा उनके मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण अभियान संपन्न होगा।
श्री केडिया ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सात प्रमुख विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें भारतीय जनता पार्टी का इतिहास एवं विकास, वैचारिक अनुष्ठान, संगठन की कार्य पद्धति, कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि, सोशल मीडिया एवं बूथ प्रबंधन, अपनी सरकार की उपलब्धियां एवं उनके क्रियान्वयन तथा व्यवहारिक सत्र जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मंडलों में संचालित प्रमुख योजनाओं एवं संगठन द्वारा किए गए कार्यों की प्रदर्शन कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी, जिससे कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी मिल सके। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महापुरुषों के जीवन, विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रेरणादायी साहित्य के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पहले मंडल स्तर पर प्रशिक्षण, इसके बाद बूथ स्तर पर प्रशिक्षण, फिर जिला स्तरीय प्रशिक्षण तथा अंत में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता तक वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण पहुंच सके।
श्री केडिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से वैचारिक रूप से सशक्त करना पार्टी की परंपरा रही है। इस प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यसंस्कृति और जनसेवा के मूल्यों से और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।



